हुस्न तुम्हारा माशा अल्लाह |
इश्क़ हमारा माशा अल्लाह ||
सुब्ह हुआ खिड़की से उनका |
ख़ूब नज़ारा माशा अल्लाह ||
नींद हमें जब- जब भी आयी |
ख्व़ाब तुम्हारा माशा अल्लाह ||
बज़्म में आयी जब वो परी सी |
सबने पुकारा माशा अल्लाह ||
आग बबूला होकर उनका |
करना किनारा माशा अल्लाह ||
झील में दिल की उतरा उनका |
आज शिकारा माशा अल्लाह ||
चाँद से मुखड़े पर ये ग़ुस्सा |
एक शरारा माशा अल्लाह ||
डा० सुरेन्द्र सैनी